Breaking News

कासगंज: सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूलों में जागरूकता अभियान: छात्राओं को बताए यातायात नियम व ‘गुड सेमेरिटन’ योजना के फायदे।

सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूलों में जागरूकता अभियान: छात्राओं को बताए यातायात नियम व ‘गुड सेमेरिटन’ योजना के फायदे।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन को दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क करने के उद्देश्य से सोमवार को कासगंज के श्रीमती द्रौपदी जाजू सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और सीओ ट्रैफिक रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह और एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा ने उपस्थित छात्राओं एवं कॉलेज स्टाफ को सड़क सुरक्षा के मूलभूत नियमों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के उपयोग की अनिवार्यता पर जोर दिया। साथ ही वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने और मालवाहक गाड़ियों में यात्रा न करने की हिदायत दी।

छात्राओं को दुर्घटना के बाद के शुरुआती ‘गोल्डन आवर’ की अहमियत बताते हुए प्रेरित किया गया कि वे घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सहायता करने वाले मददगारों (गुड सेमेरिटन) को शासन द्वारा पुरस्कृत करने और दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने का प्रावधान है। पुलिस ने सभी नागरिकों से नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर करने की अपील की।

 

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर में उफान पर रामगंगा और खन्नौत, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी; प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी।

शाहजहांपुर में उफान पर रामगंगा और खन्नौत, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी; …