Breaking News

बदायूं: प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित हुआ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र।

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित हुआ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र।

बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का उद्देश्य रखा गया है। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

अभियान के पहले दिन डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के अलग-अलग वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद भी किया और उनके सवालों के जवाब दिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज और शेखपुर के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं की स्वागत गीत प्रस्तुति से हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान हुआ। उपस्थित लोगों को राष्ट्रभावना के साथ अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई गई।

836 उपकरणों का हुआ वितरण

कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को कुल 836 उपकरण एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की गईं। एलिम्को की ओर से 11 बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, 71 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 10 कान की मशीन, 152 नी-बेल्ट और 52 सिलिकॉन तकिए वितरित किए गए।

इसके अलावा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 30 दर्जी टूल किट और 454 पीपीई किट वितरित की गईं। अपशिष्ट संग्राहक श्रमिकों को 50 आयुष्मान कार्ड तथा छह ऑटोरिक्शा भी प्रदान किए गए।

88 स्टैंडी से सजी योजनाओं की प्रदर्शनी

सूचना विभाग की ओर से डायट परिसर में प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में 88 स्टैंडी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, नगर मजिस्ट्रेट सुमित सिंह, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येंद्र कुमार तथा राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: पीड़ित परिवार से मारपीट के आरोप में जहानगंज थानाध्यक्ष निलंबित।

पीड़ित परिवार से मारपीट के आरोप में जहानगंज थानाध्यक्ष निलंबित। संवाददाता, दीपक शुक्ला  फर्रुखाबाद। कोरीखेड़ा …