Breaking News

पटियाली: बहोरा से सनोड़ी खास मार्ग बदहाल, 7 किमी के रास्ते पर जान जोखिम में डालकर चल रहे वाहन।

पटियाली: बहोरा से सनोड़ी खास मार्ग बदहाल, 7 किमी के रास्ते पर जान जोखिम में डालकर चल रहे वाहन।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज: पटियाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला बहोरा से सनोड़ी खास मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली के आंसू रो रहा है। करीब 7 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर अनगिनत गड्ढे हो चुके हैं, जिससे इस रास्ते से गुजरने वाले आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों की मुसीबतें काफी बढ़ गई हैं।

खास बात यह है कि यह मार्ग बहोरा थाने के पास से भी होकर गुजरता है, जिससे इसकी महत्ता और भी बढ़ जाती है। सड़क खराब होने के कारण इस पर से रोजाना निकलने वाली स्कूल बसों और अन्य भारी-छोटे वाहनों के पलटने का खतरा हमेशा बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई बार संबंधित विभागों के चक्कर काट चुके हैं और गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आश्वासनों के अलावा अभी तक कुछ हासिल नहीं हुआ।

क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पटियाली विधानसभा क्षेत्र-102 से टिकट के दावेदार अब्दुल हफीज गांधी ने प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कासगंज लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से तुरंत इस जर्जर मार्ग का संज्ञान लेने और युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। अब्दुल हफीज गांधी लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और बदहाल सड़कों जैसे बुनियादी मुद्दों को मुखरता से उठाते रहे हैं।

एक तरफ सरकार प्रदेशभर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर बहोरा-सनोड़ी खास मार्ग की यह तस्वीर सरकारी दावों की पोल खोल रही है। सड़क के बीच बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

क्षेत्रीय जनता और अभिभावकों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल प्रभाव से इस सड़क का निरीक्षण कराकर इसके पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को इस नारकीय जीवन से जल्द से जल्द मुक्ति मिल सके।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने …