Breaking News

बहेड़ी में शिक्षक पर लोहे की रॉड से हमला: छह लोगों के खिलाफ पुलिस को दी गई तहरीर, सीसीटीवी से पहचान की मांग।

बहेड़ी में शिक्षक पर लोहे की रॉड से हमला: छह लोगों के खिलाफ पुलिस को दी गई तहरीर, सीसीटीवी से पहचान की मांग।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी, बरेली। बरेली जिले के बहेड़ी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत नैनीताल रोड पर एक शिक्षक पर कथित रूप से घेरकर हमला करने का मामला सामने आया है। मिशन एकेडमी में शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षक शमशेर सिंह ने लगभग छह लोगों पर रास्ते में रोककर लोहे की रॉड से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना में उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार एक अन्य शिक्षक भी बाइक गिरने से घायल हो गया है। पीड़ित शिक्षक ने इस संबंध में बहेड़ी थाने में लिखित तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शमशेर सिंह द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 13 अगस्त को दोपहर के वक्त तब हुई जब वह मिशन एकेडमी मण्डनपुर से अपनी ड्यूटी खत्म करके बाइक से लौट रहे थे। आरोप है कि नैनीताल रोड पर करीब छह लोग हाथों में झंडे और लोहे की रॉड लेकर खड़े थे और उन्होंने अचानक उन्हें घेरकर हमला कर दिया। हमले की इस अचानक हुई कार्रवाई से उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी, जिससे उनके साथ मौजूद दूसरे शिक्षक मोहित कुमार भी घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी दो बाइकों पर सवार होकर बहेड़ी की तरफ फरार हो गए। जाते-जाते आरोपियों ने भविष्य में जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित शिक्षक ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपियों में से एक की मोटरसाइकिल का नंबर यूके-06 से शुरू होता है। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की तुरंत शिनाख्त की जाए। साथ ही उन्होंने आशंका जताई है कि इस घटना में किसी स्थानीय शिक्षण संस्थान के कुछ छात्र भी शामिल हो सकते हैं। घटना के तुरंत बाद घायल शिक्षक थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों और चेहरे पर टांके आने के कारण उन्हें बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

फिलहाल, पीड़ित की तहरीर के आधार पर स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

 

Spread the love

Check Also

बहेड़ी: स्वतंत्रता दिवस पर भाकियू टिकैत ने निकाला तिरंगा पैदल मार्च, किसानों की एकजुटता पर जोर।

बहेड़ी: स्वतंत्रता दिवस पर भाकियू टिकैत ने निकाला तिरंगा पैदल मार्च, किसानों की एकजुटता पर …