Breaking News

शाहजहांपुर जिला कारागार में सज़ा काव्य मंच: देशभक्ति और साहित्य से गूंजा परिसर।

शाहजहांपुर जिला कारागार में सज़ा काव्य मंच: देशभक्ति और साहित्य से गूंजा परिसर।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शाहजहांपुर जिला कारागार में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें देशप्रेम, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कविताओं ने समां बांध दिया। इस कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुई। जेल अधीक्षक जेपी तिवारी ने मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट मेहमानों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।

कवि सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे नामचीन कवि-कवयित्रियों ने वीर रस, हास्य-व्यंग्य और देशभक्ति से ओत-प्रोत रचनाएं प्रस्तुत कीं। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रीय एकता पर आधारित कविताओं ने वहां मौजूद अधिकारियों, जेल कर्मियों और बंदियों को पूरी तरह भावविभोर कर दिया।

इस दौरान जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बंदियों के मानसिक और सांस्कृतिक विकास के लिए इस तरह के रचनात्मक आयोजन बेहद जरूरी हैं। वहीं, जेल अधीक्षक जेपी तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक कारागार केवल सजा देने की जगह नहीं, बल्कि सुधार और सकारात्मक पुनर्निर्माण का केंद्र बन चुके हैं।

कार्यक्रम के अंत में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपेक्षा सिंह, कारापाल रामनरेश गौतम समेत कई न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। यह पूरा आयोजन बेहद उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ।

Spread the love

Check Also

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत।

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत। संवाददाता, जुम्मन …