Breaking News

शाहजहांपुर में खाद्य विभाग का छापा: दूध, मिठाई और बेकरी उत्पादों के लिए नमूने।

शाहजहांपुर में खाद्य विभाग का छापा: दूध, मिठाई और बेकरी उत्पादों के लिए नमूने।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आम नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शाहजहांपुर में औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के निर्देशों पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई जिले के विभिन्न इलाकों में की गई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर बाड़ूजई स्थित महमूदसन बेकरी से पेस्ट्री और लाल इमली चौराहा स्थित दिल्ली डायमंड बेकरी से बिस्किट का सैंपल लिया। इसके साथ ही, रुकनपुर कलान की यो एग्री फूड्स से मिश्रित दूध, बघेड़ा चौराहा स्थित संतोष स्वीट्स से खोया और जलेबी के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान महमूदसन बेकरी में साफ-सफाई की कमी और खाद्य सामग्री खुले में रखे जाने पर संचालकों को सुधार नोटिस थमाया गया। टीम ने सभी बेकरी संचालकों को खाद्य पदार्थों में तय मात्रा में ही रंग का इस्तेमाल करने की सख्त हिदायत दी है।

इस छापामार कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ विनय कुमार यादव, मानवेंद्र कुमार, वरुण कुमार, संदीप सोनी, अजीत कुमार, मनोज कुमार और डॉ. विवेक कुमार वर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि त्योहारी और विशेष अवसरों के मद्देनजर शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Spread the love

Check Also

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत।

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत। संवाददाता, जुम्मन …