Breaking News

सहसवान मंडी समिति में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नई पुलिया, परिसर में गंदगी और सुविधाओं के अभाव से व्यापारियों में आक्रोश।

सहसवान मंडी समिति में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नई पुलिया, परिसर में गंदगी और सुविधाओं के अभाव से व्यापारियों में आक्रोश।

सहसवान (बदायूं): स्थानीय कृषि उत्पादन मंडी समिति में विकास और व्यवस्थाओं के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। मंडी के गेट नंबर दो पर बनी पुलिया निर्माण के महज दो महीने के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई है। आरोप है कि ठेकेदारों द्वारा निर्माण कार्य में मानक के विपरीत सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके चलते भारी वाहन गुजरने के दौरान पुलिया धंसने की कगार पर पहुंच गई और बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

पुलिया के टूटने से बड़े लोडर और अन्य वाहन चालकों की जान पर हर वक्त खतरा बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर से आंखें मूंदे बैठे हैं। केवल पुलिया ही नहीं, बल्कि पूरे मंडी परिसर की स्थिति दयनीय बनी हुई है। परिसर में चारों ओर गंदगी और कीचड़ व्याप्त है, जो गंभीर बीमारियों को खुला न्यौता दे रहा है।

व्यापारियों और राहगीरों के लिए मंडी परिसर में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं है। पीने के पानी के नाम पर लगी एकमात्र पानी की टंकी भी लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे यहां आने वाले किसानों और आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंडी सचिव इस पूरी व्यवस्था को लेकर पूरी तरह उदासीन हैं और समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में कहीं भी क्षतिग्रस्त पुलिया न हो, परिसरों में साफ-सफाई रहे और जनता के लिए शौचालय सुलभ हों, लेकिन सहसवान मंडी में स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। रमेश पाल, गिरवर सिंह, तोताराम, अनस, अहमद मियां, फैजान और निराले सहित तमाम स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन व जिलाधिकारी से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पुलिया का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए तथा मंडी परिसर में साफ-सफाई और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बिल्सी के प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर पर लगेगा वाटर कूलर, विधायक हरीश शाक्य के सहयोग से शुरू हुआ कार्य।

बिल्सी के प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर पर लगेगा वाटर कूलर, विधायक हरीश शाक्य के सहयोग से …