Breaking News

बदायूँ: 218 करोड़ की जीएसटी चोरी का महाघोटाला, सपा जिला कोषाध्यक्ष रचित गुप्ता समेत तीन गिरफ्तार।

बदायूँ: 218 करोड़ की जीएसटी चोरी का महाघोटाला, सपा जिला कोषाध्यक्ष रचित गुप्ता समेत तीन गिरफ्तार।

बदायूँ। जनपद में जीएसटी चोरी का एक बेहद बड़ा मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष और नामचीन कारोबारी रचित गुप्ता को 218 करोड़ रुपये की कथित जीएसटी चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई ने जिले के राजनीतिक और कारोबारी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।

12 घंटे तक चली छापेमारी, हुआ बड़ा खुलासा

जीएसटी विभाग की दिल्ली, नोएडा, मेरठ और बदायूँ की संयुक्त टीमों ने मंगलवार देर रात दातागंज स्थित रचित गुप्ता के आवास और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। स्थानीय पुलिस की सुरक्षा में करीब 12 घंटे तक चली मैराथन कार्रवाई में विभाग ने कंप्यूटर रिकॉर्ड, कर संबंधी दस्तावेजों और फैक्ट्री से जुड़े साक्ष्यों को खंगाला। जांच में पाया गया कि बिना वैध पंजीकरण के 12 एफएफएस (FFS) मशीनों के जरिए गुटखा और पान मसाला का अवैध उत्पादन किया जा रहा था। आरोप है कि फरवरी से जून 2026 के बीच इस अवैध कारोबार से सरकार को 218 करोड़ रुपये के राजस्व का चूना लगाया गया।

छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में तैयार पाउच बरामद किए, जिनमें गगन, शिखर, गोल्ड मोहर और दिलबाग जैसे ब्रांड शामिल हैं। इसके अलावा 410 किलो कटी हुई सुपारी और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई है। इस मामले में रचित गुप्ता के साथ मनोज साहू और उमेश को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों को मेरठ स्थित जीएसटी अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा

रचित गुप्ता को समाजवादी पार्टी का जिला कोषाध्यक्ष बने अभी महज आठ दिन ही हुए थे कि यह बड़ी कार्रवाई सामने आ गई। सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों के बीच इस मामले को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वहीं, जीएसटी विभाग अब इस पूरे अवैध नेटवर्क की गहन जांच में जुटा है ताकि इस घोटाले से जुड़े अन्य चेहरों और सरगनाओं का पर्दाफाश किया जा सके।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!