Breaking News

लखीमपुर खीरी: बाढ़ से पहले मुस्तैद प्रशासन: डीएम ने किया बाढ़ सुरक्षा कार्यों का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश।

बाढ़ से पहले मुस्तैद प्रशासन: डीएम ने किया बाढ़ सुरक्षा कार्यों का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश।

संवाददाता,‌ मोहम्मद कमर

लखीमपुर खीरी। मानसून के आगमन से पूर्व जिले में संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने निघासन क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम पंचायतों का दौरा कर सुरक्षा और बचाव कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए मानसून से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के कड़े निर्देश दिए।

निघासन के लालपुर गांव में चल रहे 70 मीटर लंबे बंधा मरम्मत कार्य का निरीक्षण करते हुए डीएम ने ग्रामीणों की मांग पर बंधे की ऊंचाई बढ़ाने की संभावनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और काम पूरी मजबूती व गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने बैलहा गांव में बहतिया नाले की सिल्ट सफाई का कार्य देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले की जल निकासी क्षमता को पूरी तरह बहाल करने के लिए सफाई का दायरा बढ़ाया जाए। साथ ही, निकाली गई मिट्टी का उपयोग नाले के किनारों पर छोटे बंधों के रूप में करने को कहा, ताकि कटाव को रोका जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बाढ़ के खतरे से सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी राजीव कुमार निगम और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: फैक्ट्री स्टेट रामलीला को लेकर समिति ने साफ किया अपना पक्ष।

पूर्व कलाकारों के आरोपों पर सचिव ए.के. व्यास बोले—बैठक के लिए कई बार दी गई …