Breaking News

बिनावर: कागजों में चमचमा रहे बारात घर, धरातल पर दबंगों का कब्जा; सरकारी सुविधाघरों में इंसानों की जगह भरे जा रहे कंडे और भूसा। 

कागजों में चमचमा रहे बारात घर, धरातल पर दबंगों का कब्जा; सरकारी सुविधाघरों में इंसानों की जगह भरे जा रहे कंडे और भूसा। 

बिनावर (बदायूं)। उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं अंतर्गत थाना बिनावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत नाई से सरकारी संपत्तियों की बदहाली और उन पर अवैध कब्जे की एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। ग्रामीणों के सामाजिक आयोजनों और सहूलियत के लिए लाखों रुपये की लागत से बनाए गए सरकारी सुविधा बारात घर आज अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं। स्थिति यह है कि इन बारात घरों और सुविधाघरों पर कुछ रसूखदार लोगों ने अपना निजी कब्जा जमा रखा है।

तमाम दावों और सरकारी बजट के बावजूद धरातल पर इन भवनों पर ताले लटके हुए हैं और इनके भीतर आम जनता के आयोजनों के बजाय गोबर के कंडे (उपले) भरे जा रहे हैं।

ग्राम पंचायत नाई स्थित इस सुविधा बारात घर के पास ही बैठी एक बालिका ने वहां की जमीनी हकीकत बयां करते हुए बताया कि इन ताले लगे सुविधाघरों को कभी भी जनता के लिए नहीं खोला जाता। इसमें कभी गांव के दबंगों द्वारा भूसा भर दिया जाता है, तो कभी बड़े पैमाने पर गोबर के कंडे थापकर रख दिए जाते हैं।

सरकारी कागजों में भले ही इन बारात घरों के रखरखाव और मरम्मत के नाम पर मोटी रकम का उपयोग दिखाया जा रहा हो, लेकिन हकीकत में लंबे समय से इनकी मरम्मत और देखरेख पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। रखरखाव के अभाव में यह सरकारी इमारत अब धीरे-धीरे जर्जर होने की कगार पर पहुंच रही है।

लाखों रुपये की सरकारी धनराशि से तैयार इस सार्वजनिक भवन का लाभ गांव के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायत के खिलाफ गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच कराकर बारात घर को अवैध कब्जे से मुक्त कराने और इसे दोबारा जनहित में शुरू कराने की मांग की है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!