Breaking News

सहसवान में दहेज की बलि चढ़ी एक और विवाहिता: एक साल पहले हुई थी शादी, गला दबाकर हत्या का आरोप, ससुराली फरार।

सहसवान में दहेज की बलि चढ़ी एक और विवाहिता: एक साल पहले हुई थी शादी, गला दबाकर हत्या का आरोप, ससुराली फरार।

सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मिचौना की मढ़ईया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और गला दबाकर बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। दिल दहला देने वाली इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ससुरालीजन घर में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, जनपद कासगंज के थाना सोरों क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मल्लानगर निवासी नंदवीर ने अपनी 22 वर्षीय पुत्री पूजा का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व सहसवान क्षेत्र के ग्राम मिचौना की मढ़ईया निवासी रामजीत पुत्र मलखान के साथ बड़े ही अरमानों और अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज देकर किया था। मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल के लोग दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे लगातार बाइक व अतिरिक्त नकदी की मांग को लेकर विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से आए दिन प्रताड़ित करते रहते थे। मृतका के बड़े भाई उमेश ने आरोप लगाया कि मांग पूरी न होने के कारण उसकी बहन के साथ लगातार मारपीट की जा रही थी और अंततः ससुराल वालों ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

घटना की भनक लगते ही मृतका के रोते-बिलखते परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को इस खूनी वारदात की सूचना दी। पुलिस टीम ने सोमवार दोपहर करीब दो बजे घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गमगीन परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने मूल गांव मल्लानगर ले गए हैं। वहीं दूसरी ओर, घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, फिलहाल मामले की गहनता से वैधानिक जांच-पड़ताल की जा रही है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!