Breaking News

उसावां में बेखौफ हुए वाहन चोर: खेत के बाहर खड़ी किसान की बाइक चंद मिनटों में पार।

उसावां में बेखौफ हुए वाहन चोर: खेत के बाहर खड़ी किसान की बाइक चंद मिनटों में पार।

संवाददाता, शिवेन्द्र यादव 

बदायूँ। जनपद के थाना उसावां क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं, जिसके चलते क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ग्राम मथाना का है, जहाँ एक किसान की नजर चूकते ही शातिर चोरों ने सड़क किनारे खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मथाना निवासी बेचेलाल पुत्र नन्नाकु सोमवार, 11 मई को अपने पुत्र श्याम बाबू की स्प्लेंडर प्लस बाइक लेकर खेत पर काम करने गए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल सड़क के किनारे खड़ी की और पास ही स्थित मक्का के खेत में कार्य करने चले गए। पीड़ित के मुताबिक, शाम करीब 6:30 बजे जब वह काम निपटाकर वापस लौटे, तो मौके से बाइक गायब देख उनके होश उड़ गए। हैरानी की बात यह है कि किसान के अनुसार यह पूरी वारदात महज 10 मिनट के भीतर अंजाम दी गई।

भुक्तभोगी ने तत्काल पीआरबी 112 को फोन कर सूचना दी और बाद में उसावां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्र में बढ़ती इन घटनाओं ने ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाकों और खेतों के पास से वाहन चोरी हो रहे हैं। इस संबंध में थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह का कहना है कि चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस की एक टीम मामले की छानबीन में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!