Breaking News

शाहजहांपुर पुलिस की मुस्तैदी: स्कूल से लापता हुए 5 मासूमों को मात्र 2 घंटे में किया सकुशल बरामद।

शाहजहांपुर पुलिस की मुस्तैदी: स्कूल से लापता हुए 5 मासूमों को मात्र 2 घंटे में किया सकुशल बरामद।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर: थाना कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए घर से स्कूल के लिए निकले और संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए पांच बच्चों को मात्र दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर गठित दो विशेष टीमों के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद सफल हो सकी। पुलिस की इस त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा मुक्तकंठ से प्रशंसा की जा रही है।

पूरा मामला तब शुरू हुआ जब काशीराम कॉलोनी निवासी नीरज मौर्या ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी दो बेटियां और पड़ोस के तीन अन्य बच्चे सोमवार सुबह अजीजगंज स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय के लिए घर से निकले थे, लेकिन वे स्कूल नहीं पहुंचे। बच्चों के अचानक गायब होने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का बुरा हाल था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया और प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह के नेतृत्व में दो टीमों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस की कड़ी मशक्कत और त्वरित खोजबीन का परिणाम तब मिला जब दोपहर करीब 1:15 बजे सभी पांचों बच्चे चौकी अजीजगंज क्षेत्र के काशीराम पार्क में एक पेड़ के नीचे बैठे हुए मिल गए। पुलिस ने बिना देरी किए सभी बच्चों को अपनी सुरक्षा में लिया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सफल बरामदगी टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक विनय कुमार, हेड कांस्टेबल सबोध और कांस्टेबल नवनीत सहित नायाब अली व अनुज कुमार शामिल रहे। बच्चों के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!