Breaking News

बदायूँ: कलेक्ट्रेट में गूँजा शिक्षामित्रों का सम्मान, मानदेय वृद्धि के चेक पाकर खिले चेहरे।

बदायूँ: कलेक्ट्रेट में गूँजा शिक्षामित्रों का सम्मान, मानदेय वृद्धि के चेक पाकर खिले चेहरे।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

बदायूँ: प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई ऐतिहासिक वृद्धि के उपलक्ष्य में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में भव्य ‘शिक्षामित्र सम्मान एवं मानदेय वितरण कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण जिले के अधिकारियों और जनप्रतनिधियों की मौजूदगी में दिखाया गया। इस दौरान जिले के शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक चेक और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिलाधिकारी अवनीश राय और मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय उसावाँ और जगत की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि मानदेय को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये करना शिक्षामित्रों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने इसे शिक्षा की नींव मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने शिक्षामित्रों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि अभिभावक बड़े भरोसे के साथ बच्चों को आपके पास भेजते हैं, इसलिए बच्चों को आदर्श नागरिक बनाना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं, जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि मानदेय में वृद्धि से शिक्षामित्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक ऊर्जा के साथ कार्य कर सकेंगे। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने शिक्षामित्रों को बेसिक शिक्षा की ‘रीढ़’ बताया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेन्द्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का सफल संचालन कामिनी राठौर ने किया। इस मौके पर जिले के तमाम अधिकारी, समन्वयक और बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!