Breaking News

शाहजहांपुर: गेम की लत ने बेटे को बनाया लुटेरा: घर में चोरी कर रची सनसनीखेज लूट की झूठी कहानी, पुलिस ने किया पर्दाफाश।

गेम की लत ने बेटे को बनाया लुटेरा: घर में चोरी कर रची सनसनीखेज लूट की झूठी कहानी, पुलिस ने किया पर्दाफाश।

संवाददाता, मुबारक अली

शाहजहाँपुर। ऑनलाइन गेमिंग के जानलेवा शौक ने एक बेटे को अपराधी बना दिया, जिसने कर्ज चुकाने के लिए अपने ही घर को निशाना बना डाला। थाना निगोही क्षेत्र के ऊनकला गांव में हुई इस घटना ने तब नया मोड़ ले लिया जब पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर आरोपी बेटे और उसके साथ मिले सुनार को गिरफ्तार कर लिया। अमित नाम के इस युवक ने ऑनलाइन गेम में करीब 5 लाख रुपये हारने के बाद घर से लाखों के जेवरात पार कर दिए और पकड़े जाने के खौफ से पुलिस को गुमराह करने के लिए 4 हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूट की फर्जी कहानी गढ़ दी।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के कड़े निर्देश पर जब एसओजी, सर्विलांस सेल, साइबर सेल और थाना निगोही की संयुक्त टीम ने मामले की तहकीकात शुरू की, तो अमित के बयानों में विरोधाभास नजर आया। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि अमित ने 28 अप्रैल को डायल-112 पर सूचना दी थी कि बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की है, लेकिन जांच में सामने आया कि उसे Ruspay, MPEL और MT Game जैसे ऑनलाइन गेम्स की भयंकर लत थी। सिर्फ अप्रैल महीने में ही वह पौने दो लाख रुपये से अधिक हार गया था और कुल घाटा 5 लाख तक पहुंच गया था। इसी नुकसान की भरपाई के लिए वह घर से धीरे-धीरे सोना-चांदी चुराकर निगोही के सुनार रामकुमार गुप्ता को औने-पौने दामों में बेच रहा था।

वारदात वाली रात जब अमित के माता-पिता एक शादी समारोह में गए थे और गांव में डीजे बज रहा था, तब उसने शोर का फायदा उठाकर बक्से का ताला तोड़ा और जेवर निकाल कर भूसे के ढेर में छिपा दिए। इसके बाद उसने खुद ही पुलिस को फोन कर लूट की सूचना दे दी। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो अमित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी अमित और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार रामकुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से भारी मात्रा में सोना और चांदी बरामद की गई है, जिसमें करीब 100 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण और लगभग 2 किलो 600 ग्राम चांदी शामिल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!