Breaking News

छत से गिरकर पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम।

छत से गिरकर पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम।

अमित कुमार ओझा, संवाददाता 

चहनियां, चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के कटारूपुर गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में सेना से सेवानिवृत्त 40 वर्षीय वकील यादव की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि स्वर्गीय गंगाराम यादव के सबसे छोटे पुत्र वकील यादव फरवरी 2024 में सेना से रिटायर होकर घर लौटे थे। शुक्रवार रात वह परिवार के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सो रहे थे। देर रात करीब 12 बजे वह लघुशंका के लिए उठे। छत पर मुंडेर न होने और अंधेरा होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुछ समय बाद जब उनकी पत्नी पुष्पा देवी की नींद खुली और पति बिस्तर पर नहीं दिखे, तो वह उन्हें खोजते हुए नीचे पहुंचीं। वहां पति को खून से लथपथ पड़ा देख उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर शनिवार को बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह और मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी पुष्पा देवी, दो बेटियां—स्वाति (14 वर्ष) और साक्षी (12 वर्ष) तथा वृद्ध माता राधा देवी को छोड़ गए हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!