Breaking News

बिसौली: गैस सिलेंडर संकट गहराया, उपभोक्ता परेशान, कालाबाजारी के आरोप तेज।

बिसौली: गैस सिलेंडर संकट गहराया, उपभोक्ता परेशान, कालाबाजारी के आरोप तेज।

आई एम खान 

बिसौली। बिसौली नगर में इन दिनों गैस सिलेंडरों की किल्लत ने आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुकिंग सिस्टम के सुचारू रूप से काम न करने के कारण जहां लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे, वहीं कालाबाजारी भी चरम पर पहुंचने के आरोप लग रहे हैं।

हालात यह हैं कि बदायूं रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर रोजाना सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें होम डिलीवरी नहीं मिल रही, जिससे उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है।

इस समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) भी सक्रिय हो गई है। यूनियन के ज़िला अध्यक्ष रामा शंकर शंखधार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम राशि कृष्णा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कड़ी धूप में घंटों इंतजार के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।

यूनियन ने यह भी कहा कि बुकिंग के एक सप्ताह बाद भी होम डिलीवरी नहीं हो रही है, जबकि ई-केवाईसी के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। इसके साथ ही यह आरोप भी लगाया गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल होटलों, ठेलों और वाहनों में किया जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि गैस की किल्लत को तत्काल दूर कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!