Breaking News

बरेली: उत्तर प्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अन्तर्राज्यीय मोबाइल चोर–साइबर गिरोह का भंडाफोड़। 

उत्तर प्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अन्तर्राज्यीय मोबाइल चोर–साइबर गिरोह का भंडाफोड़। 

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। साइबर ठगी और मोबाइल चोरी के बढ़ते मामलों के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम टीम ने अन्तर्राज्यीय मोबाइल चोर–साइबर अपराधी गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 45 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के निर्देश, अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक (अपराध) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अपराध के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना टीम ने 25 फरवरी को यह सफलता हासिल की।

एनसीआरपी संख्या 33101260005277 की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण में पीड़ित के खाते से ट्रांसफर की गई धनराशि से जुड़े मोबाइल नंबर की लोकेशन बरेली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल चोरी से साइबर ठगी तक फैला नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन के जरिए यूपीआई का दुरुपयोग कर बैंक खातों से रकम अन्य खातों में ट्रांसफर कर खाते खाली कर देते थे। बाद में इन मोबाइलों को झारखंड और पश्चिम बंगाल के अन्य साइबर अपराधियों को आगे आपराधिक गतिविधियों के लिए सौंप दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य पिछले कई दिनों से बरेली में डेरा डाले हुए थे और नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। प्रारंभिक जांच में कौशांबी, बरेली और देहरादून में भी इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने सागर कुमार, सुमित कुमार और ऋषि कुमार निवासी साहिबगंज (झारखंड) तथा आकाश नुनईया निवासी आसनसोल (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गुरमीत तोमर, उप निरीक्षक अंकित सिंह चौहान, उप निरीक्षक शिवम सक्सैना, उप निरीक्षक कपिल राघव, हेड कांस्टेबल विलिश कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार, कांस्टेबल विजय कुमार, कांस्टेबल सिद्धार्थ सिंह एवं कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। बरामद मोबाइल फोन के आधार पर अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की कड़ियां भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई साइबर अपराध के संगठित नेटवर्क पर बड़ी चोट है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

बाइट- मनीष चंद्र सोनकर SP क्राइम बरेली

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!