Breaking News

बलरामपुर: दो दिन में SSB का बड़ा अभियान, अवैध लकड़ी चिरान पर सख्त कार्रवाई; तीन आरोपी गिरफ्तार।

दो दिन में SSB का बड़ा अभियान, अवैध लकड़ी चिरान पर सख्त कार्रवाई; तीन आरोपी गिरफ्तार।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। जनपद बलरामपुर में सशस्त्र सीमा बल (SSB) 9वीं बटालियन ने वन विभाग के सहयोग से अवैध लकड़ी कटान, चिरान और भंडारण के खिलाफ लगातार दो दिनों तक विशेष अभियान चलाकर जंगल माफिया पर करारा प्रहार किया है। इस संयुक्त कार्रवाई में तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि सागवान, शीशम और खैर की बहुमूल्य लकड़ी जब्त की गई है।

दिनांक 01 फरवरी 2026 को SSB को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि सीमा चौकी शुक्लिनाका (डी कंपनी गुरुंगनाका) के अंतर्गत ग्राम नैकिनिया क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 11 किलोमीटर अंदर जंगली लकड़ी का अवैध चिरान किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद SSB ने तुलसीपुर वन विभाग को अवगत कराते हुए संयुक्त टीम गठित की।

संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान के दौरान जंगल से काटी गई लकड़ी को हाथ से चिरते हुए तीन व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमीर अहमद पुत्र अजमेर, ईदू पुत्र मोहम्मद सगीर तथा सहबान पुत्र समीउल्ला, निवासी ग्राम नैकिनिया के रूप में हुई है।

मौके से 08 पराकाष्ठ सागवान, 24 पराकाष्ठ शीशम एवं लकड़ी चिरान में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध वन संरक्षण अधिनियम 1927 की धारा 26 के अंतर्गत रेंज केस संख्या 12/2025-26 दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

इससे एक दिन पूर्व 31 जनवरी 2026 को SSB को सूचना मिली कि ग्राम कैथौली क्षेत्र के एक खेत में अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी छुपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर SSB की क्विक रिस्पांस टीम ने सोहेलवा पूर्वी रेंज वन विभाग के साथ संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान ईख के पत्तों के नीचे छिपाकर रखी गई 12 बोटा जंगली खैर की लकड़ी बरामद की गई। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद लकड़ी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद वन विभाग ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत रेंज केस संख्या 43/25-26 दर्ज कर लकड़ी को जब्त कर लिया।

SSB और वन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से सोहेलवा क्षेत्र में सक्रिय जंगल माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए आगे भी नियमित गश्त और संयुक्त अभियान जारी रहेंगे। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध कटान या लकड़ी भंडारण की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

स्थानीय लोगों ने SSB और वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे जंगल संरक्षण की दिशा में अहम कदम बताया है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!