Breaking News

शाहजहांपुर: माघ मेला ढाईघाट की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न।

माघ मेला ढाईघाट की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता — जिलाधिकारी।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। जिला पंचायत शाहजहांपुर द्वारा आयोजित किए जाने वाले माघ मेला ढाईघाट 2025-26 की तैयारियों की समीक्षा हेतु बुधवार को मेला स्थल ढाईघाट पर एक आवश्यक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। बैठक में दोनों जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को लेकर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि ढाईघाट पर पक्के मार्ग से गंगा तट तक दो मार्ग (एक आगमन व एक प्रस्थान) तथा बाजार क्षेत्र में दो अतिरिक्त मार्गों का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही एक बाईपास मार्ग एवं एक वीआईपी मार्ग भी बनाया गया है, जिससे भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सके।

श्रद्धालुओं एवं साधु-संतों की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में 300 हैंडपंप/नल लगाए गए हैं, जबकि 40 हैंडपंप रिजर्व में रखे गए हैं। सभी नलों की नियमित देख-रेख के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

विद्युत व्यवस्था के तहत जनरेटर के माध्यम से 300 ट्यूबलाइट, 400 बल्ब एवं 40 सर्चलाइट लगाने की व्यवस्था की गई है, जिसे आवश्यकता अनुसार और बढ़ाया जाएगा।

जिला पंचायत द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, फायर सर्विस, स्वास्थ्य व पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों के लिए टेंट, शामियाना, कुर्सियां, चारपाई, दरी व अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के लिए मुख्य घाट पर 5 चेंजिंग रूम भी बनाए गए हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक डॉक्टर, एक कंपाउंडर व एक वार्ड बॉय को दवाइयों सहित तैनात किया गया है। वहीं पशु चिकित्सा सेवाओं हेतु एक पशु चिकित्सक, एक कंपाउंडर व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की व्यवस्था की गई है।

मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र जिला पंचायत कैंप कार्यालय में स्थापित किया जाएगा।

सुरक्षा की दृष्टि से 12 गोताखोरों की 24 घंटे तैनाती, रिवर पुलिस व स्टीमर की व्यवस्था की गई है। पुरुषों के लिए 50 व महिलाओं के लिए 30 शौचालय, साथ ही मोबाइल शौचालय भी लगाए जाएंगे। सफाई व्यवस्था हेतु 40 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं तथा जिलाधिकारी ने अतिरिक्त 20 कर्मचारियों की व्यवस्था के निर्देश दिए।

भीड़ नियंत्रण एवं निगरानी के लिए दो वॉच टावर, मेला कोतवाली तथा चार पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। वर्तमान में लगे 10 सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त कम से कम 100 नए कैमरे मुख्य स्थल, बाजार व प्रमुख मार्गों पर लगाए जाने के निर्देश दिए गए। भारी वाहनों को कोलाघाट मोड़ पर ही रोकने तथा पार्किंग स्थल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मीडिया कर्मियों के लिए मीडिया सेंटर की स्थापना भी की जाएगी।

प्रमुख स्नान पर्व

माघ मेला के अंतर्गत

3 जनवरी 2026 — पौष पूर्णिमा

15 जनवरी 2026 — मकर संक्रांति

18 जनवरी 2026 — मौनी अमावस्या

23 जनवरी 2026 — वसंत पंचमी

1 फरवरी 2026 — माघी पूर्णिमा

15 फरवरी 2026 — महाशिवरात्रि

को विशेष स्नान-पूजन संपन्न होगा।

जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन फर्रुखाबाद अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शाहजहांपुर रजनीश कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी कलान अभिषेक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर दीक्षा भंवरे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: हजरतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गंगा एक्सप्रेसवे पर डेढ़ करोड़ की अवैध शराब लदा ट्रक पकड़ा।

बदायूँ: हजरतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गंगा एक्सप्रेसवे पर डेढ़ करोड़ की अवैध शराब लदा …

error: Content is protected !!