Breaking News

बलरामपुर में प्रोजेक्ट संवर्धन के तहत वीएचएसएनडी सत्र का डीएम ने किया निरीक्षण।

बलरामपुर में प्रोजेक्ट संवर्धन के तहत वीएचएसएनडी सत्र का डीएम ने किया निरीक्षण।

महिलाओं-बच्चों की सेवाओं का लिया जायजा।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। बलरामपुर जनपद में महिलाओं एवं बच्चों के पोषण स्तर में सुधार को लेकर संचालित विशेष अंतर्विभागीय अभियान “प्रोजेक्ट संवर्धन” के तहत बुधवार को जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने वीएचएसएनडी (Village Health, Sanitation and Nutrition Day) सत्र का निरीक्षण किया। यह सत्र 24 दिसंबर 2025 को विकास खंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत सोनार के पंचायत भवन में आयोजित किया गया।

गौरतलब है कि प्रोजेक्ट संवर्धन के अंतर्गत जनपद की 300 पंचायत भवनों में 17, 24 एवं 31 दिसंबर 2025 को विशेष वीएचएसएनडी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं एवं बच्चों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श, टीकाकरण एवं स्वच्छता से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सत्र में दी जा रही सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण, वजन व लंबाई माप, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पोषण परामर्श की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीएम ने मौके पर मौजूद महिलाओं से संवाद कर यह भी जाना कि उन्हें सरकारी योजनाओं का कितना लाभ मिल रहा है।

जिलाधिकारी ने सत्र स्थल पर उपलब्ध दवाइयों, टीकाकरण सामग्री, वजन मशीन, इन्फेंटोमीटर सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी जांची। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।

डीएम विपिन कुमार जैन ने कहा कि कुपोषण की रोकथाम एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में प्रोजेक्ट संवर्धन एक प्रभावी पहल है, जिससे जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव संभव है।

उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों से अपेक्षा की कि वे ग्राम स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं तथा प्रत्येक गर्भवती महिला एवं बच्चे तक सेवाएं पहुंचाएं। साथ ही सैम (अति कुपोषित) एवं मैम (मध्यम कुपोषित) बच्चों की पहचान कर समय से उपचार व पोषण प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सोनार, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!