Breaking News

एसपी के नेतृत्व में विद्यालयों के स्कूल वाहनों की सघन जांच, सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर दिए कड़े निर्देश।

एसपी के नेतृत्व में विद्यालयों के स्कूल वाहनों की सघन जांच, सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर दिए कड़े निर्देश।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में विद्यालयों में संचालित स्कूल वाहनों की सघन जांच और सुरक्षा जागरूकता अभियान गुरुवार को चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में संचालित हुआ, जिसमें स्कूल बसों, वैन, ई-रिक्शा और अन्य परिवहन वाहनों की सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की गई।

इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर वाहनों की फिटनेस, पंजीकरण, चालक लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन उपकरण, जीपीएस सिस्टम और ड्राइवरों के चरित्र प्रमाणपत्र आदि की गहन जांच की।

जांच में कई वाहन ऐसे पाए गए जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे। ऐसे वाहनों के विरुद्ध पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई की। साथ ही, संबंधित चालकों और विद्यालय प्रबंधकों को सख्त चेतावनी दी गई कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन, वाहन चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों के पालन और बच्चों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की जानकारी दी।

इसके साथ ही यह भी बताया गया कि यातायात माह के अंतर्गत ऐसे निरीक्षण और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पंत, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात प्रभारी विनय कुमार पांडे एवं थाना प्रभारी सदर प्रवेश सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

अभियान के अंत में एसपी राजेश द्विवेदी ने कहा कि –“बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक स्कूल वाहन का निर्धारित मानकों के अनुसार संचालन सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा कार्रवाई तय है।”

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!