Breaking News

बहेड़ी की प्रतिभाओं को मिला सम्मान, विधायक अताउर रहमान बोले- कामयाबी का सम्मान नई पीढ़ी की सबसे बड़ी प्रेरणा।

बहेड़ी की प्रतिभाओं को मिला सम्मान, विधायक अताउर रहमान बोले- कामयाबी का सम्मान नई पीढ़ी की सबसे बड़ी प्रेरणा।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। किसी भी क्षेत्र की पहचान वहां की प्रतिभाओं और उनकी उपलब्धियों से होती है। प्रतिभाओं को सम्मानित करने से न केवल उनके संघर्ष और मेहनत को पहचान मिलती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। यह बात समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं बहेड़ी विधायक अताउर रहमान ने मंगलवार को नगर के बग्गा वेंकट हॉल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कही।

दीपावली और भाई दूज के अवसर पर बरेली के नवोदय अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. नाजिर हुसैन की ओर से आयोजित समारोह में बहेड़ी क्षेत्र की विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक अताउर रहमान ने शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, राजनीति, खेल, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियों के साथ चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, अधिकारियों, खिलाड़ियों, पत्रकारों, इंजीनियरों, पायलटों और मेधावी छात्र-छात्राओं को फूलमालाएं पहनाकर एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया।

विधायक अताउर रहमान ने कहा कि सम्मानित होने वाली इन प्रतिभाओं ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बहेड़ी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ऐसी प्रतिभाओं को सार्वजनिक मंच पर सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज में जाति और धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत, भाईचारे और एकता को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपसी सद्भाव और सामाजिक एकजुटता से ही बेहतर समाज का निर्माण संभव है।

समारोह में साहित्य और हास्य का भी रंग देखने को मिला। पद्मश्री सम्मानित कवि अलबेला जी, नर कंकाल जी और कमलकांत तिवारी के साथ शायर अकील जाफरी, जावेद जलीस और इरशाद अली नेता ने अपनी हास्य कविताओं और शायरी से श्रोताओं का मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।

समारोह में सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में पूर्व ब्लॉक प्रमुख वफाउर रहमान, राज्यपाल से सम्मानित आनंद प्रकाश शंखधार, दर्शन सिंह अरोड़ा हिंदुस्तानी, राष्ट्रीय हैमर थ्रो चैंपियन सरदार हरविंदर सिंह, वॉलीबाल खिलाड़ी सईद अहमद व इंतजार अहमद, अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता शूटर दानिश अली, पूर्व विधायक स्वर्गीय रफीक अहमद खां की पत्नी संजीदा बेगम, बैडमिंटन खिलाड़ी दीक्षा, डॉ. प्रमोद शर्मा, पायलट मोहम्मद अयान, यूपीपीसीएस अधिकारी सुरेश गौतम, आईपीएस मिन्हाज शकील, नीट सफल डॉ. पंकज सागर, गजेंद्र सागर व शिवांगी गुर्जर तथा लंदन यूनिवर्सिटी के एमबीए गोल्ड मेडलिस्ट मोहतशिम आरिफ शामिल रहे।

इसके अलावा शकील गुरु, चौधरी सुखवीर सिंह, सरदार इकबाल सिंह चीमा, लईक चांदनी, नसीम उर रहमान, हरस्वरूप मौर्य, अख्लाक अहमद, मोहम्मद आसिफ रिजवी, पंकज पांडेय, गुलरेज अली और धर्मपाल सिंह बेलदार समेत अनेक गणमान्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।

आयोजक डॉ. नाजिर हुसैन ने अतिथियों और समारोह में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियां बांटने के साथ-साथ समाज को जोड़ने और आपसी प्रेम बढ़ाने का अवसर भी होते हैं। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन विधानसभा अध्यक्ष नासिर रजा खां ने किया।

Spread the love

Check Also

पत्नी से मनमुटाव के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।

पत्नी से मनमुटाव के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, चार मासूम बच्चों के …