Breaking News

41.05 करोड़ रुपये में नीलाम हुई केसर मिल की जमीन, किसानों को बकाया भुगतान की जगी उम्मीद।

41.05 करोड़ रुपये में नीलाम हुई केसर मिल की जमीन, किसानों को बकाया भुगतान की जगी उम्मीद।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। लंबे समय से गन्ना भुगतान का इंतजार कर रहे हजारों किसानों के लिए मंगलवार को राहत की उम्मीद जगी। बंद पड़ी केसर चीनी मिल की 11.4443 हेक्टेयर जमीन तहसील परिसर में हुई नीलामी के दौरान 41 करोड़ पांच लाख रुपये में बिक गई। एसएनजी इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड ने शारदा प्राइवेट की अंतिम बोली को पांच लाख रुपये से पीछे छोड़ते हुए सबसे ऊंची बोली लगाई।

एडीएम संतोष कुमार की मौजूदगी में हुई नीलामी के लिए जमीन का न्यूनतम मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था। प्रक्रिया में दो कंपनियों ने हिस्सा लिया। बोली के दौरान शारदा प्राइवेट ने 41 करोड़ रुपये तक कीमत लगाई, जबकि एसएनजी इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड ने पांच लाख रुपये अधिक की बोली लगाकर 41 करोड़ पांच लाख रुपये में जमीन अपने नाम कर ली। इस तरह जमीन निर्धारित न्यूनतम मूल्य से करीब छह करोड़ पांच लाख रुपये अधिक में नीलाम हुई।

केसर चीनी मिल बंद होने के बाद से ही क्षेत्र के हजारों गन्ना किसान अपने बकाया भुगतान के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर किसान संगठनों ने कई बार धरना-प्रदर्शन और आंदोलन भी किए। अब जमीन की नीलामी के बाद किसानों को उम्मीद है कि उनके बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आएगी। हालांकि, किसानों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब नीलामी से प्राप्त होने वाली धनराशि से उनके बकाये का भुगतान सुनिश्चित होगा।

नीलामी के दौरान बड़ी संख्या में किसान और किसान नेता तहसील परिसर में मौजूद रहे। भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि संगठन के लगातार संघर्ष और दबाव के चलते इस बार जमीन की बोली पिछली बार की तुलना में 13 लाख रुपये अधिक पहुंची है। उन्होंने कहा कि अब संगठन की प्राथमिकता किसानों का बकाया गन्ना मूल्य जल्द से जल्द दिलाना है।

इस दौरान एडीएम संतोष कुमार, एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार वीरपाल सिंह, केसर मिल के अधिकारी-कर्मचारी, किसान नेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। नीलामी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें किसानों के बकाया भुगतान को लेकर होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

 

Spread the love

Check Also

पत्नी से मनमुटाव के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।

पत्नी से मनमुटाव के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, चार मासूम बच्चों के …