Breaking News

बरेली में 18.25 करोड़ से बना एसटीपीआई पार्क शुरू, आईटी कंपनियों को मिलेगा नया ठिकाना।

बरेली में 18.25 करोड़ से बना एसटीपीआई पार्क शुरू, आईटी कंपनियों को मिलेगा नया ठिकाना।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बरेली। बरेली के युवाओं को आईटी क्षेत्र में रोजगार के लिए दूसरे महानगरों का रुख करने से राहत मिलने की उम्मीद है। सीबीगंज में 18.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) पार्क का गुरुवार को केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने लोकार्पण किया। करीब दो एकड़ में विकसित इस पार्क से बरेली में तकनीकी उद्योग, निवेश और स्टार्टअप गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पार्क में कार्यालय स्थापित करने वाली आईटी कंपनियों को शुरुआती तीन वर्षों तक किराये में विशेष छूट दी जाएगी। इसका उद्देश्य कंपनियों को निवेश के लिए आकर्षित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना है। परिसर में डेटा सेंटर, इंक्यूबेशन सेंटर, ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग रूम और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इंक्यूबेशन सेंटर के माध्यम से नए स्टार्टअप को भी अपना कारोबार शुरू करने में मदद मिलेगी।

परियोजना के लिए प्रशासन ने एसटीपीआई को 30 वर्ष की लीज पर जमीन उपलब्ध कराई थी। मुख्यमंत्री ने 12 मार्च 2024 को इसका शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब पार्क को आईटी कंपनियों और तकनीकी उद्यमियों के लिए शुरू कर दिया गया है।

अब तक बरेली के आईटी क्षेत्र से जुड़े युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसरों के लिए दिल्ली, नोएडा, बेंगलुरु और पुणे जैसे महानगरों का रुख करना पड़ता था। पार्क शुरू होने से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डिजिटल सेवाओं और तकनीकी परामर्श जैसे क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार की संभावनाएं बढ़ेंगी। हालांकि, परियोजना की सफलता यहां कंपनियों के निवेश और युवाओं को मिलने वाले रोजगार के अवसरों पर निर्भर करेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, महापौर डॉ. उमेश गौतम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्यमी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

बाइट : जितिन प्रसाद, केंद्रीय मंत्री

Spread the love

Check Also

एआई की पढ़ाई, जलभराव और टीन शेड की मांग छात्रों ने मंत्री के सामने उठाई।

एआई की पढ़ाई, जलभराव और टीन शेड की मांग छात्रों ने मंत्री के सामने उठाई। …