Breaking News

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने बरेली की दो विधानसभा सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी।

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने बरेली की दो विधानसभा सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बरेली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने भी अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी के संस्थापक और पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने गुरुवार को बरेली पहुंचकर भोजीपुरा और फरीदपुर विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की। भोजीपुरा से हाजी साजिद खान और आरक्षित फरीदपुर सीट से प्रेम सिंह चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने प्रदेश की सभी 430 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का दावा किया।

दूरदर्शन केंद्र के सामने स्थित परशुराम धाम में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अग्निहोत्री ने कहा कि संगठन प्रदेश के सभी 75 जिलों में संविधान दिवस पर ‘झंडा बदलो अभियान’ चला रहा है। पार्टी का उद्देश्य जाति और धर्म के नाम पर होने वाले राजनीतिक ध्रुवीकरण को खत्म कर सामान्य वर्ग, ओबीसी और एससी-एसटी समाज को एक मंच पर लाना है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर 160 से 170 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई गई थी, लेकिन संगठन के विस्तार और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी 430 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की संभावना है। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों से बातचीत चल रही है, जिस पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा।

गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी 2026 को यूजीसी नियमों के विरोध में पीसीएस सेवा से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। इसके बाद शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया था। बाद में उन्होंने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का गठन कर राजनीति में सक्रिय होने का फैसला किया।

अपने निलंबन और विभागीय कार्रवाई पर उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विभागीय जांच में अपना पक्ष रख चुके हैं और सरकार से इस्तीफा स्वीकार करने अथवा बर्खास्तगी का निर्णय लेने की मांग की है। निर्णय नहीं होने पर न्यायालय जाने की बात भी कही।

अग्निहोत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जातिगत और धार्मिक ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

बाइट : अलंकार अग्निहोत्री, संस्थापक राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा

Spread the love

Check Also

बरेली में 18.25 करोड़ से बना एसटीपीआई पार्क शुरू, आईटी कंपनियों को मिलेगा नया ठिकाना।

बरेली में 18.25 करोड़ से बना एसटीपीआई पार्क शुरू, आईटी कंपनियों को मिलेगा नया ठिकाना। …