Breaking News

राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में साबरीन ने लहराया परचम, जनपद का नाम किया रोशन।

राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में साबरीन ने लहराया परचम, जनपद का नाम किया रोशन।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

सैयदराजा, चंदौली। नगर पंचायत सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की छात्रा साबरीन ने राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर विद्यालय, क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। साबरीन ने उत्तर प्रदेश राज्य टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-14 जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।

उल्लेखनीय है कि अंडर-14 जूनियर वर्ग (बालक एवं बालिका) की राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 5 जनवरी से 9 जनवरी के बीच आंध्र प्रदेश के कडप्पा जनपद में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमों ने प्रतिभाग किया। राज्य स्तरीय टीम का चयन जनपद, मंडल और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है।

विद्यालय की छात्रा साबरीन ने अयोध्या में आयोजित प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया था। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जाने से पूर्व उत्तर प्रदेश टीम के सभी चयनित खिलाड़ियों का एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर अयोध्या में आयोजित किया गया, जहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर सभी खिलाड़ी आंध्र प्रदेश के कडप्पा पहुंचे और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने के बाद जब साबरीन विद्यालय पहुंची तो विद्यालय परिवार द्वारा उसका जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने छात्रा को उसकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने छात्रा को पुरस्कार स्वरूप धनराशि प्रदान की और भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में शिक्षक रजनीश, मारकंडे प्रसाद, आनंद सिंह, अजय झा के साथ-साथ खेल अध्यापक पंकज कुमार सिंह, जिन्होंने छात्रा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, विशेष रूप से उपस्थित रहे। अन्य अध्यापकों और छात्रों ने भी साबरीन की इस उपलब्धि पर उसे बधाई दी।

साबरीन की इस सफलता से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और वह अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

Spread the love

Check Also

बिल्सी: फ्यूचर लीडर्स स्कूल में कहानी सुनाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन: विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और आत्मविश्वास से मोहा मन।

फ्यूचर लीडर्स स्कूल में कहानी सुनाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन: विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और …