Breaking News

28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे बीएलओ।

28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे बीएलओ।

बदायूं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत 28 और 29 नवंबर (शनिवार एवं रविवार) को बदायूं जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) बूथ पर मौजूद रहकर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे और मतदाताओं के विवरण का सत्यापन करेंगे।

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

निर्देशों के अनुसार दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। इस दौरान बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और स्थानीय नागरिकों के सामने पूरी मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी। इस गतिविधि की फोटो और वीडियो भी तैयार की जाएगी।

मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान प्रत्येक मतदाता के नाम, फोटो, पिता, पति या माता के नाम तथा आयु का मिलान किया जाएगा। किसी प्रविष्टि में त्रुटि मिलने, पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल न होने अथवा मृतक और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम दर्ज होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति से मौके पर प्रारूप-6, प्रारूप-7 या प्रारूप-8 भरवाकर प्राप्त किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा सेक्टर और सुपरवाइजर अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी मतदेय स्थल बंद नहीं रहना चाहिए और सभी बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने अभियान को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने तथा निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा।

Spread the love

Check Also

सोत नदी पुनरुद्धार और वृक्षारोपण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, तीन दिन में पूरी होगी जियो टैगिंग।

सोत नदी पुनरुद्धार और वृक्षारोपण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, तीन दिन में पूरी …