Breaking News

कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश, एक सप्ताह में कार्रवाई का अल्टीमेटम।

कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश, एक सप्ताह में कार्रवाई का अल्टीमेटम।

बदायूं। आगामी दिनों में कोहरे की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय ने सड़क सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित संबंधित अधिकारियों के साथ जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या के समाधान पर जोर दिया।

शहर में जाम की समस्या के समाधान के लिए गठित समिति द्वारा एक माह बाद भी सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को हुई बैठक में पुलिस, परिवहन, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार प्रकाश व्यवस्था तथा संकेतक लगवाने के निर्देश दिए। इसके लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। पहली टीम नवादा से कछला तक, दूसरी नवादा से बरेली तक और तीसरी टीम गंगा एक्सप्रेसवे के निर्धारित क्षेत्र में निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कार्यों की पहचान करेगी। सभी टीमों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उन्होंने चीनी मिल प्रबंधकों को गन्ना ढोने वाली ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाने के लिए अभियान चलाने तथा वन विभाग को मार्गों पर झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात दबाव वाले मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम प्राथमिकता से कराने को कहा।

गंगा एक्सप्रेसवे के बरेली, बिसौली और दातागंज रोड स्थित तीन इंटरचेंज के आसपास के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आपात स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए।

बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर सुधार कार्य कराने, पूर्व में दुर्घटनाओं के कारणों की पुनरावृत्ति रोकने और संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी कार्यालय के आगे अंडरपास से पहले सड़क पर बने गड्ढे को भरवाने तथा पुलिस लाइन और पुलिस परेड ग्राउंड के सामने स्थित गेटों के पास रम्बल स्ट्रिप लगवाने को भी कहा गया।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस साल अक्टूबर माह में सड़क दुर्घटनाओं में 20 प्रतिशत कमी आई है। टी-जंक्शन सुधार के तहत पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य कराए गए हैं। जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के अंतर्गत मुरादाबाद-फर्रुखाबाद, बदायूं-बिजनौर और मेरठ-बदायूं मार्ग सहित तीन कॉरिडोर पर भी कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अलावा जिलाधिकारी ने 520 बी बरेली-मथुरा मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील कुमार, एआरटीओ हरिओम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

सोत नदी पुनरुद्धार और वृक्षारोपण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, तीन दिन में पूरी होगी जियो टैगिंग।

सोत नदी पुनरुद्धार और वृक्षारोपण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, तीन दिन में पूरी …