Breaking News

खुद की मौत का रचा नाटक, दूसरे की हत्या कर कुएं में फेंका शव; तीन गिरफ्तार‌।

खुद की मौत का रचा नाटक, दूसरे की हत्या कर कुएं में फेंका शव; तीन गिरफ्तार‌।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। कलान थाना क्षेत्र में सूखे कुएं के अंदर मिले सिर कटे शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस शव को शुरुआत में विनोद उर्फ बाबा का समझा जा रहा था, वह दरअसल निगोही क्षेत्र के ऐंठापुर निवासी दृष्टिबाधित राजपाल का निकला। पुलिस के मुताबिक, विनोद उर्फ बाबा ने खुद को मुकदमों से बचाने और गांव के कुछ लोगों को हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए अपनी मौत का नाटक रचते हुए इस पूरी वारदात की साजिश तैयार की थी।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भवरे दीक्षा ने बताया कि विनोद उर्फ बाबा ने तंत्र-मंत्र के जरिए दृष्टिबाधित राजपाल को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद बदायूं निवासी अपने दो साथियों विकास और ओमपाल के साथ मिलकर उसकी गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद राजपाल का सिर अटैना घाट पर गंगा में फेंक दिया गया, जबकि धड़ को ग्राम सिउड़ी के पास स्थित एक सूखे कुएं में डाल दिया गया। पुलिस के अनुसार, शव के पास विनोद का आधार कार्ड और अन्य सामान रखकर उसकी पहचान विनोद के रूप में कराने की कोशिश की गई।

17 नवंबर को सूखे कुएं में सिर कटा शव मिलने के बाद विनोद की पत्नी पूजा ने गांव के नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में सामने आया कि विनोद ने अपने साथियों और परिजनों के साथ मिलकर यह साजिश रची थी, ताकि गांव के लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाया जा सके और वह खुद मुकदमों से बचकर दूसरी जगह जाकर रह सके।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 23 नवंबर की रात आंधीदेई के आगे नौसना मड़ैया के पास से मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा और उसके दो साथियों विकास व ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल गड़ासा, ईंट का आधा टुकड़ा, घड़ी, ब्लूटूथ, विकलांगता कार्ड, 3,002 रुपये नकद, 15 पीले रंग के सिक्के और वारदात में इस्तेमाल हुंडई ऑरा कार बरामद की गई है।

एएसपी ग्रामीण भवरे दीक्षा के अनुसार, जांच के दौरान विनोद के परिवार के सात अन्य सदस्यों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने मुकदमे में नामजद नौ लोगों के नाम हटाते हुए विनोद उर्फ बाबा सहित कुल दस लोगों को प्रकाश में आए अभियुक्तों के रूप में शामिल किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Spread the love

Check Also

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपाइयों ने अर्पित की श्रद्धांजलि, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प।

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपाइयों ने अर्पित की श्रद्धांजलि, उनके आदर्शों पर चलने …