Breaking News

बदायूं की छह विधानसभा क्षेत्रों में 20.53 लाख मतदाता, ड्राफ्ट सूची जारी।

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका।

बदायूं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मंगलवार 17 नवंबर 2026 को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकाशित मतदाता सूची पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची में कुल 20,53,010 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 11,33,908 पुरुष, 9,19,036 महिला और 66 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार बिसौली में 3,62,247, सहसवान में 3,67,008, बिल्सी में 3,02,939, बदायूं में 3,15,871, शेखूपुर में 3,54,470 तथा दातागंज में 3,50,475 मतदाता शामिल हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तिथियों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की अपील की।

उन्होंने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ ग्राम सभा एवं वार्ड कमेटी की बैठकों में आलेख्य मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने तथा मतदाता सूची के अवलोकन में सहयोग करने का अनुरोध किया गया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी छह विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूचियों की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों ने बताया कि मतदेय स्थलों की सूची और आलेख्य निर्वाचक नामावली निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कांग्रेस अजीत यादव, जिला मंत्री भाजपा विश्वजीत गुप्ता, सपा प्रतिनिधि अशोक यादव, बसपा जिला महासचिव अनूप पाल, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अचल शर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार वर्मा तथा स्वीप के सह प्रभारी सरवर अली सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

41.05 करोड़ रुपये में नीलाम हुई केसर मिल की जमीन, किसानों को बकाया भुगतान की जगी उम्मीद।

41.05 करोड़ रुपये में नीलाम हुई केसर मिल की जमीन, किसानों को बकाया भुगतान की …