Breaking News

कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए उठाएं ठोस कदम: डॉ. बबीता सिंह चौहान।

कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए उठाएं ठोस कदम: डॉ. बबीता सिंह चौहान।

बदायूं। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े छोटे-छोटे मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और उन्हें समय से न्याय मिल सके। उन्होंने कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए विशाखा गाइडलाइन के तहत आंतरिक परिवाद समिति का गठन कराने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

शुक्रवार को विकास भवन स्थित सभागार में डॉ. बबीता सिंह चौहान ने प्रेस वार्ता के बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों को भी गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि विशाखा गाइडलाइन के प्रति महिलाओं और संबंधित संस्थानों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। इसके लिए ग्राम प्रधानों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव तक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक हो सकें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी समझें। महिलाओं की समस्याओं का समाधान केवल विभागीय कार्य नहीं, बल्कि समाज सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्य करें।

इसके बाद उन्होंने महिलाओं से संवाद कर संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनसे योजनाओं का लाभ मिलने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र महिला को सरकारी योजनाओं का लाभ अवश्य मिलना चाहिए। उन्होंने विकास भवन स्थित प्रेरणा कैंटीन का निरीक्षण भी किया और वहां स्वच्छता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इससे पूर्व डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर 10 महिलाओं की गोद भराई की तथा 10 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। इस अवसर पर धात्री महिलाओं को बेबी किट भी वितरित की गईं। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समुचित देखभाल के महत्व पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Spread the love

Check Also

नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण में 8 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित, नगर निगम में मचा हड़कंप।

नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण में 8 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित, नगर निगम में मचा हड़कंप। …