Breaking News

सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट चालू कराने के निर्देश, प्रसूताओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।

सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट चालू कराने के निर्देश, प्रसूताओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। आकांक्षात्मक विकास खंड में स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव मृदुल चौधरी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक विद्यालय सुजावलपुर का निरीक्षण किया। सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को चालू कराने और प्रसूताओं को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की कम उपस्थिति पर चिंता जताते हुए नियमित उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया।

विशेष सचिव ने सीएचसी के निरीक्षण के दौरान प्रसव वार्ड, ओपीडी कक्षों और अस्पताल में उपलब्ध बेड की स्थिति देखी। उन्होंने दवाओं के स्टॉक, उनकी उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और रंगाई-पुताई की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही ऑक्सीजन प्लांट को जल्द चालू कराने पर जोर दिया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने सीएचसी में सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उनकी तैनाती के दिनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा प्रसव के बाद अस्पताल में रोकी जाने वाली प्रसूताओं और नवजात शिशुओं के लिए उचित भोजन की व्यवस्था करने को कहा।

विशेष सचिव ने जननी सुरक्षा योजना सहित अन्य संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक समय से पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इसके बाद विशेष सचिव ने प्राथमिक विद्यालय सुजावलपुर का निरीक्षण किया। विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने के बावजूद छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति सामने आई। इस पर उन्होंने चिंता जताते हुए शिक्षकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

 

 

 

Spread the love

Check Also

ट्यूशन से लौटते समय लापता हुए मासूम भाई-बहन, चार दिन बाद भी मुकदमा नहीं।

ट्यूशन से लौटते समय हुए थे लापता, गन्ने के खेत में मिले; मां ने युवक …