Breaking News

मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग, सपा ने निकाला पैदल मार्च।

‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को शहर में पैदल मार्च निकाला। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत आयोजित मार्च में सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

सपा कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

पैदल मार्च की शुरुआत सपा कार्यालय से हुई। कार्यकर्ता शहर कोतवाली, अंबेडकर पार्क और पटेल चौक होते हुए चौकी चौराहा पहुंचे। अंबेडकर पार्क में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद चौकी चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ मार्च का समापन हुआ।

पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने कहा कि पार्टी को देश में अराजकता का माहौल होने का अहसास है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर उठाए जा रहे सवालों का हवाला देते हुए सरकार से उन्हें पद से हटाने की मांग की। सपा नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता को लेकर उठने वाले सवालों का समाधान होना जरूरी है।

पार्टी नेताओं के मुताबिक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के माध्यम से सपा लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच पहुंचा रही है। पैदल मार्च में सांसद नीरज मौर्य, विधायक अताउर्रहमान, शाहजिल इस्लाम, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, जिलाध्यक्ष सुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी और एमएलसी प्रत्याशी मोहम्मद दानिश सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

आईएएस ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने किया रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, पहले दिन हुआ शिव विवाह का मंचन।

आईएएस ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने किया रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, पहले दिन हुआ शिव …