Breaking News

मंदिर में दो साधुओं की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार।

लोहे की रॉड से हमला कर हत्या का आरोप, वारदात के बाद शव जलाने की बात; आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के सुथा गांव स्थित मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही करीब 35 वर्षीय सुमित कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताई जा रही लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।

मृतकों की पहचान बाबा गोपाल दास निवासी मोहल्ला अजीजगंज, थाना चौक कोतवाली तथा बाबा बिहारी दास निवासी ग्राम सुथा, थाना खुदागंज के रूप में हुई है। मामले में एक अक्टूबर को सुथा निवासी शिव कुमार सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के बाद टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के साथ घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि एक अक्टूबर की रात मंदिर में सो रहे दोनों साधुओं पर लोहे की रॉड से हमला किया गया था।

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी की मदद से दोनों शवों को जलाने का प्रयास किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर मंदिर में स्वयं रहने की इच्छा की बात भी बताई है। पुलिस के मुताबिक वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड को उसने मंदिर के पास झाड़ियों में छिपा दिया था।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि मामले में आरोपी सुमित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर लोहे की रॉड बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

 

 

Spread the love

Check Also

आठ साल से जारी आंखों की रोशनी लौटाने की मुहिम, बहेड़ी में 200 मरीजों की जांच।

65 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, दवा से लेकर अस्पताल आने-जाने और भोजन …