Breaking News

सेवा संकल्प अभियान में रंगोली, प्रतियोगिता पुरस्कार, गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम हुए आयोजित

प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिला सम्मान, 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बांटी गईं साड़ियां।

बदायूं। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में सम्मान एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने फूलमाला पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रतीकात्मक रूप से साड़ी वितरित की गईं और पांच नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

कार्यक्रम के दौरान परिसर में बनाई गई विशाल रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने रंगोली की सराहना की। सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत के संकल्प से नागरिकों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। ड्राइंग प्रदर्शनी में उच्च प्राथमिक विद्यालय पुरैनी दातागंज की कक्षा सात की छात्रा दीप्ति पाठक ने प्रथम, संविलियन विद्यालय हर्रायपुर के कक्षा आठ के छात्र आदित्य ने द्वितीय तथा संविलियन विद्यालय नवाबपुरा वजीरगंज की कक्षा आठ की छात्रा भारती ने तृतीय स्थान हासिल किया।

भाषण प्रतियोगिता में एचएम साइंस इंटर कॉलेज ककराला के कक्षा नौ के छात्र मोहम्मद साद प्रथम, राजकीय हाईस्कूल खुनक के कक्षा दस के छात्र श्रेष्ठ पाल द्वितीय और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज दातागंज की कक्षा 11 की छात्रा माधवी तृतीय रहीं।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ककोड़ा के कक्षा नौ के छात्र आदित्य मौर्य ने पहला, इसी विद्यालय की कक्षा दस की छात्रा चांदनी ने दूसरा तथा राजकीय इंटर कॉलेज नाधा भूड़ के कक्षा नौ के छात्र विशाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

पोस्टर चित्रकला प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की कक्षा दस की छात्रा ज्योति सोलंकी प्रथम, पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज की कक्षा दस की छात्रा हेमलता द्वितीय और नन्हूमल जैन इंटर कॉलेज बिल्सी की छात्रा आरफीन तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सांकेतिक रूप से साड़ी दी गईं। वहीं जिले की करीब 2400 अन्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बैंक खातों में 500-500 रुपये भेजे जाने की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर हेल्दी बेबी कार्यक्रम के तहत चयनित बच्चों को फूलमाला और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा नवजात बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलता है और उनमें आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होता है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

आठ साल से जारी आंखों की रोशनी लौटाने की मुहिम, बहेड़ी में 200 मरीजों की जांच।

65 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, दवा से लेकर अस्पताल आने-जाने और भोजन …