Breaking News

गांधी-शास्त्री जयंती पर बदायूं में हुए विविध कार्यक्रम, डीएम ने किया ध्वजारोहण।

सत्य, स्वदेशी और स्वच्छता के संदेश को जीवन में उतारने का किया आह्वान।

बदायूं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अवनीश राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान हुआ। जिलाधिकारी समेत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी के जीवन और विचारों से सत्य, अहिंसा तथा स्वदेशी की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए सभी को देशहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने लोगों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को अपने व्यवहार और जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

गांधी जयंती के अवसर पर गांधी मैदान से प्रभात फेरी निकाली गई। वहीं स्टेडियम में महिला और पुरुष वर्ग की ओपन दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई। शहर की मलिन बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।

जिले के विभिन्न राजकीय भवनों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। विद्यार्थियों के बीच महात्मा गांधी के जीवन-दर्शन पर भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा गांधी दर्शन की वर्तमान समय में प्रासंगिकता को लेकर कार्यक्रम हुए।

जिला कारागार, जिला पुरुष अस्पताल, जिला महिला चिकित्सालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुष्ठ आश्रम कछला तथा सूर्यकुंड स्थित गुरुकुल में फल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला राजस्व अधिकारी अनुराग सिंह और बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी सुरेंद्र कुमार ने भी गांधी एवं शास्त्री के जीवन और उनके विचारों की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।

Spread the love

Check Also

आठ साल से जारी आंखों की रोशनी लौटाने की मुहिम, बहेड़ी में 200 मरीजों की जांच।

65 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, दवा से लेकर अस्पताल आने-जाने और भोजन …