Breaking News

कासगंज पुलिस अधीक्षक ने मासिक अपराध गोष्ठी में ली कानून-व्यवस्था की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश।

कासगंज पुलिस अधीक्षक ने मासिक अपराध गोष्ठी में ली कानून-व्यवस्था की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था व अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जघन्य अपराधों, लंबित विवेचनाओं और अभियोगों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचना में किसी भी प्रकार का विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साक्ष्यों के गुणवत्तापूर्ण संकलन और निष्पक्ष कार्रवाई के साथ-साथ वांछित व वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत मामलों की प्रभावी पैरवी के लिए मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की हिदायत दी गई, ताकि अपराधियों को न्यायालय से जल्द सजा दिलाई जा सके।

महिला व बाल सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए एसपी ने कहा कि महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति की गतिविधियों को और सक्रिय बनाया जाए। प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साइबर अपराधों के मामले में पीड़ित को तत्काल राहत, वित्तीय रिकवरी और आमजन के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, अवैध शराब, मादक पदार्थों और अवैध शस्त्रों की तस्करी रोकने के लिए गश्त व संदिग्ध वाहनों की चेकिंग बढ़ाने को कहा गया। जनसुनवाई में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, विशेषकर आईजीआरएस शिकायतों का पारदर्शी हल निकालने के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारों के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पैदल गश्त और सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए अपराधियों पर नकेल कसने और जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत करने का संदेश दिया।

Spread the love

Check Also

बदायूँ में आज पहुंचेगी ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, दो रूटों पर होगा भव्य स्वागत।

बदायूँ में आज पहुंचेगी ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, दो रूटों पर होगा भव्य स्वागत। बदायूं। …