Breaking News

शाहजहांपुर: अवैध शराब पर लापरवाही भारी, जिलाधिकारी ने आबकारी इंस्पेक्टर के निलंबन के दिए निर्देश।

शाहजहांपुर: अवैध शराब पर लापरवाही भारी, जिलाधिकारी ने आबकारी इंस्पेक्टर के निलंबन के दिए निर्देश।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहे आबकारी विभाग पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित कानून व्यवस्था, सीएम डैशबोर्ड, नारकोटिक्स, आबकारी और अभियोजन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कलान क्षेत्र में जारी अवैध शराब की बिक्री को लेकर डीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के आबकारी इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि अवैध शराब के निर्माण व बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और इस काले कारोबार में लिप्त माफियाओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

समीक्षा बैठक के दौरान नारकोटिक्स से जुड़े मामलों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत हुई कार्रवाइयों की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की ताकीद की गई।

इसके अलावा, अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मुकदमों में अदालत के भीतर प्रभावी पैरवी करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित कदम उठाने पर जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित आबकारी व पुलिस प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज हत्याकांड: 24 घंटे में पर्दाफाश, लूट की खातिर किशोरी की हत्या करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार।

कासगंज हत्याकांड: 24 घंटे में पर्दाफाश, लूट की खातिर किशोरी की हत्या करने वाले 4 …