Breaking News

कासगंज: किसानों-छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, खाद की किल्लत और बढ़े बिजली बिलों के विरोध में राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।

कासगंज: किसानों-छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, खाद की किल्लत और बढ़े बिजली बिलों के विरोध में राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज: जनपद में किसानों, छात्रों और आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी का आक्रोश सड़क पर साफ तौर पर दिखाई दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में बुधवार को एक विशाल प्रदर्शन किया गया। इस दौरान दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, नेताओं की गिरफ्तारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को उठाते हुए महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन कासगंज तहसील के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य रूप से खरीफ सीजन के दौरान किसानों को यूरिया व डीएपी खाद की सुलभ उपलब्धता, स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिलों की जांच और राजस्व सेवाओं में हो रही धांधली को रोकने की पुरजोर मांग की गई।

प्रदर्शन से पहले राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज रही। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज पांडेय और एनएसयूआई (NSUI) के जिलाध्यक्ष दीपक धनगर को पुलिस ने उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया था तथा उन्हें दिल्ली व लखनऊ जाने से रोक दिया गया था। हालांकि, कांग्रेस नेताओं के अडिग रुख और ज्ञापन सौंपने के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। इसके बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय और दीपक धनगर को तहसील ले जाया गया, जहां शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि इस समय धान और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई चरम पर है, जिसके लिए किसानों को भारी मात्रा में खाद की आवश्यकता होती है। लेकिन जनपद सहित पूरे प्रदेश में यूरिया और डीएपी खाद की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि खाद पाने के लिए किसानों को लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे उनकी खेती का जरूरी समय और काम प्रभावित हो रहा है।

इसके साथ ही ज्ञापन में स्मार्ट मीटरों के जरिए आ रहे बढ़े हुए बिजली बिलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित और भारी वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता की जेब पर डाका पड़ रहा है। पार्टी ने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराकर उपभोक्ताओं को तुरंत राहत देने की मांग की है।

कांग्रेस ने तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार और मनमानी पर भी गंभीर सवाल उठाए। ज्ञापन में कहा गया कि तहसीलों में खतौनी, हिस्सा प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी राजस्व सेवाएं प्राप्त करने के नाम पर तय शुल्क से अधिक धन वसूला जा रहा है, जिससे आम नागरिकों का आर्थिक शोषण हो रहा है। इस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगनी चाहिए।

इसके अलावा, हाल ही में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराकर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान एआईसीसी सदस्य मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत ने प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज अन्नदाता किसान बदहाली और गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। एक तरफ किसानों को समय पर खाद-बीनी नहीं मिल रही, तो दूसरी तरफ उनकी उपज का उचित समर्थन मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार रसातल में जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता हर मोर्चे पर खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। कांग्रेस ने प्रशासन को चेताया है कि यदि किसानों और आम जनता की इन गंभीर समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

बाइट- मनोज पाण्डेय, जिलाध्यक्ष कांग्रेस पार्टी।

 

 

Spread the love

Check Also

बहेड़ी: जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई रोकने की उठी जोरदार मांग, सभासदों ने एसडीएम को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन।

बहेड़ी: जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई रोकने की उठी जोरदार मांग, सभासदों ने एसडीएम …

error: Content is protected !!