Breaking News

उन्नाव: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण, 4850 करोड़ की सौगात से बदलेगी विकास की तस्वीर।

उन्नाव: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण, 4850 करोड़ की सौगात से बदलेगी विकास की तस्वीर।

संवाददाता, सनोज कुमार 

उन्नाव। जनपद की तहसील उन्नाव के ग्राम पंचायत पड़री खुर्द स्थित झाऊ खेड़ा में सोमवार को एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संयुक्त रूप से 4850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का हेलीपैड पर जनपद के जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। स्वागत करने वालों में सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, विधायक पंकज गुप्ता, अनिल सिंह, आशुतोष शुक्ला, श्रीकांत कटियार, बृजेश रावत, बंबालाल दिवाकर और एमएलसी अरुण पाठक सहित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

लोकार्पण से पूर्व अतिथियों ने भारत सरकार के राजमार्ग विकास कार्यों से संबंधित लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। तत्पश्चात, कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विधिवत फीता काटकर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष संतोष सिंह, एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज और अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं एनएचएआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से लखनऊ और कानपुर के बीच आवागमन सुगम होने के साथ-साथ क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!