Breaking News

विधायक हरिओम वर्मा के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, पहली किस्त के 16.62 करोड़ रुपये जारी; 18 महीने में पूरा होगा निर्माण

सहावर को जाम से मिलेगी मुक्ति, 47.50 करोड़ रुपये से बनेगा बाईपास।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

सहावर, कासगंज। सहावर कस्बे के लोगों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। भाजपा विधायक हरिओम वर्मा के प्रयासों से सहावर बाईपास निर्माण परियोजना को शासन की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। शासन ने परियोजना की पहली किस्त के रूप में 16 करोड़ 62 लाख 69 हजार रुपये जारी कर दिए हैं। कुल 47 करोड़ 50 लाख 55 हजार रुपये की लागत से 3.40 किलोमीटर लंबा दो लेन बाईपास बनाया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 18 महीने की समयसीमा निर्धारित की गई है।

सहावर कस्बे के मुख्य बाजार से होकर गुजरने वाला अलीगंज-सोरों मार्ग कासगंज, गंजडुंडवारा, पटियाली, अलीगंज और फर्रुखाबाद को जोड़ता है। कस्बे के भीतर करीब चार किलोमीटर तक सड़क संकरी होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बना रहता है। सुबह से शाम तक बाजार में जाम की स्थिति रहने से व्यापारियों, दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाईपास निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी।

लोक निर्माण विभाग के शासनादेश के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को परियोजना को मंजूरी दी गई है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 4750.55 लाख रुपये है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पहली किस्त के रूप में 1662.69 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं।

निर्माण से पहले पूरी होंगी जरूरी औपचारिकताएं

शासन की ओर से निर्माण कार्य शुरू होने से पहले भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और तकनीकी स्वीकृति से संबंधित प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट भी कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करनी होगी। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने अथवा लागत बढ़ने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

विधायक के प्रयासों से मिली बड़ी सौगात

सहावर को बाईपास की सौगात मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों को कस्बे के मुख्य बाजार से होकर गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे बाजार में यातायात का दबाव कम होने के साथ ही जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्रवासियों को निर्माण कार्य शुरू होने और परियोजना के निर्धारित समय में पूरा होने का इंतजार है।

 

 

Spread the love

Check Also

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति परखने शाहजहांपुर पहुंचे सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी।

बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ और सुपरवाइजर से ली जानकारी, लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय …