Breaking News

बदायूं के 1472 गांवों में 7360 जलसखियां कर रहीं पेयजल की गुणवत्ता की जांच।

अप्रैल से नवंबर तक 36,340 पानी के नमूनों की जांच, सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।

बदायूं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ उसकी गुणवत्ता की निगरानी में महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। जल जीवन मिशन के तहत जनपद के 1472 गांवों में प्रशिक्षित 7360 जलसखियां फील्ड टेस्टिंग किट (एफटीके) के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता जांच रही हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की शुद्धता के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ निगरानी व्यवस्था भी मजबूत हुई है।

जनपद के 15 विकासखंडों के गांवों में जलसखियां समय-समय पर पानी के नमूनों की जांच कर रही हैं। अप्रैल 2026 से नवंबर 2026 तक उनके द्वारा एफटीके किट के माध्यम से कुल 36,340 जल नमूनों की जांच की गई। विभागीय जानकारी के अनुसार, जांच में सभी नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।

जलसखियां पानी में आयरन, पीएच, क्लोरीन, कठोरता, क्लोराइड और फ्लोराइड जैसे तत्वों की जांच करती हैं। प्रत्येक राजस्व ग्राम में पांच महिलाओं के लिए एक जांच किट उपलब्ध कराई गई है। जलसखियों को इस कार्य के लिए प्रशिक्षण और अनुदान भी दिया जाता है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिल रहा है।

पेयजल की गुणवत्ता जांचने के साथ जलसखियां ग्रामीणों को पानी की बर्बादी रोकने और स्वच्छ पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक भी कर रही हैं।

जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता इं. अमित कुमार वर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनपद के 1472 गांवों में 7360 जलसखियों को प्रशिक्षित किया गया है। इनके माध्यम से नियमित रूप से एफटीके किट द्वारा पानी की गुणवत्ता जांच कराई जा रही है, ताकि ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

 

 

Spread the love

Check Also

थाना दिवस पर एएसपी सिटी और एएसपी ग्रामीण ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं।

थाना दिवस पर एएसपी सिटी और एएसपी ग्रामीण ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं। मुबारक अली, …