Breaking News

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पात्र नागरिकों का पंजीकरण प्राथमिकता से कराएं: डीएम

बिल्सी और दातागंज के बूथों का निरीक्षण कर दिए निर्देश, 29 नवंबर को भी चलेगा विशेष अभियान।

बदायूं। जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के साथ शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत विशेष अभियान दिवस पर विधानसभा क्षेत्र बिल्सी और दातागंज के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त होने की स्थिति की जानकारी लेते हुए पात्र नागरिकों का पंजीकरण प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 114 बिल्सी के रायपुर मझारा एवं बरायमखेड़ा स्थित बूथ संख्या 126, 304, 305 और 117 तथा विधानसभा क्षेत्र दातागंज के बूथ संख्या 220, 221, 222 और 223 का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और बूथ लेवल एजेंट एवं स्थानीय नागरिकों के सामने मतदाता सूची पढ़कर सुनाएं।

मतदाता सूची पढ़ते समय प्रत्येक मतदाता के नाम, फोटो, पिता, पति या माता के नाम और आयु का मिलान कर प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। किसी मतदाता का नाम छूटने, विवरण में त्रुटि होने अथवा मृतक और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम दर्ज होने पर संबंधित प्रारूप फार्म-6, 7 या 8 भरवाकर प्राप्त किए जाएं।

उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और एएनएम के माध्यम से पात्र युवाओं एवं महिलाओं को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से विवाह के बाद जनपद में आई महिलाओं के मतदाता पंजीकरण को प्राथमिकता देने तथा इसमें कोटेदारों का सहयोग लेने को कहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईआरओ, एईआरओ, सेक्टर और सुपरवाइजर अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के बूथों का नियमित निरीक्षण करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी मतदेय स्थल बंद न रहे और बीएलओ उपस्थित रहें। उन्होंने जनपद के सभी प्रधानाचार्यों से एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उनका समय से मतदाता पंजीकरण कराया जा सके।

29 नवंबर को भी चलेगा विशेष अभियान

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 29 नवंबर को जनपद के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे और नाम, फोटो, आयु सहित अन्य विवरणों का सत्यापन करेंगे। त्रुटियां मिलने, नाम छूटने अथवा अपात्र प्रविष्टियां होने पर निर्धारित प्रारूपों में आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। अधिकारियों द्वारा अभियान की निगरानी कर इसे पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

 

 

Spread the love

Check Also

थाना दिवस पर एएसपी सिटी और एएसपी ग्रामीण ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं।

थाना दिवस पर एएसपी सिटी और एएसपी ग्रामीण ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं। मुबारक अली, …