Breaking News

जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनीं, निःशुल्क विधिक सहायता देने के निर्देश।

जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनीं, निःशुल्क विधिक सहायता देने के निर्देश।

बदायूं। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आंचल राना धवन ने शनिवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनीं और उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 436ए के तहत पात्र बंदियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जो अपनी सजा की आधी अवधि से अधिक समय जेल में व्यतीत कर चुके हैं। साथ ही ऐसे बंदियों की रिहाई के संबंध में की गई कार्रवाई का विवरण भी जिला कारागार अधीक्षक से मांगा।

उन्होंने कारागार की पाकशाला और सभी बैरकों का निरीक्षण कर परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया।

निरीक्षण के दौरान जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने, जमानतदार की व्यवस्था कराने और नियमित रूप से दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। महिला बंदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों के लिए दूध की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान जिला कारागार अधीक्षक राजेन्द्र कुमार, कारापाल शैलेश कुमार शंकर, उपकारापाल कमल चन्द, चिकित्साधिकारी डॉ. बलराम सिंह यादव, फार्मासिस्ट शशिकान्त, अध्यापक नवनीत सक्सेना, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के डिप्टी चीफ एलएडीसी सत्यवीर सिंह, असिस्टेंट एलएडीसी राकेश कुमार यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

थाना दिवस पर एएसपी सिटी और एएसपी ग्रामीण ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं।

थाना दिवस पर एएसपी सिटी और एएसपी ग्रामीण ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं। मुबारक अली, …