Breaking News

संविधान दिवस पर जिले के छह आंबेडकर पार्कों में शिलान्यास व पूजन कार्यक्रम आयोजित।

संविधान दिवस पर जिले के छह आंबेडकर पार्कों में शिलान्यास व पूजन कार्यक्रम आयोजित।

बदायूं। संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजनान्तर्गत जनपद में विधानसभावार चयनित छह स्थलों पर शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर विकास कार्यों का शिलान्यास किया तथा संविधान के मूल्यों, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में हुआ। इसका सजीव प्रसारण जिले में विधानसभावार आयोजित कार्यक्रमों में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर में योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

जनपद की विधानसभा दातागंज के विकासखंड समरेर के ग्राम कमां में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह, विधानसभा सदर के विकासखंड वजीरगंज के ग्राम धर्मपुर में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, विधानसभा बिल्सी के विकासखंड अम्बियापुर के ग्राम रम नगला में बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, विधानसभा शेखूपुर के विकासखंड जगत के ग्राम हयात नगर में पूर्व शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, विधानसभा सहसवान के विकासखंड अम्बियापुर के ग्राम बेहटा गुसाईं छोलायन में शारदेंदु पाठक तथा विधानसभा बिसौली के विकासखंड इस्लामनगर के ग्राम भुसाया में विधायक आशुतोष मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को समान अधिकार दिलाने तथा सामाजिक भेदभाव समाप्त करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और आत्मसम्मान का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। बाबा साहब के विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने और संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा देते हैं। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रमों में परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी याबर अब्बास, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, समाज कल्याण विभाग के सहायक प्रबंधक संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Spread the love

Check Also

मतदाता समस्याओं के समाधान के लिए बदायूं में कंट्रोल रूम स्थापित।

मतदाता समस्याओं के समाधान के लिए बदायूं में कंट्रोल रूम स्थापित। बदायूं। भारत निर्वाचन आयोग …