Breaking News

लखीमपुर खीरी: पढ़ुआ पुलिस को बड़ी कामयाबी, ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के जरिए ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के चार शातिर गिरफ्तार।

लखीमपुर खीरी: पढ़ुआ पुलिस को बड़ी कामयाबी, ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के जरिए ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के चार शातिर गिरफ्तार।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी: जनपद की पढ़ुआ थाना पुलिस ने देश भर में ऑनलाइन गेमिंग और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर जालसाजों को दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के कुशल निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) और क्षेत्राधिकारी निघासन के करीबी पर्यवेक्षण में मुस्तैद पढ़ुआ थाना पुलिस की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर ढखेरवा-निघासन मार्ग पर स्थित लखहा मोड़ के पास से इन चारों आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले आठ आधुनिक मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, चेकबुक समेत एक कार और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

कड़ाई से की गई पूछताछ में पकड़े गए जालसाजों ने साइबर अपराध के अपने पूरे नेटवर्क और चौंकाने वाले तौर-तरीकों का खुलासा किया। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे नाइट वन क्लब, एविएटर, कलर ट्रेड और बीट जीबी जैसे तमाम फर्जी थर्ड पार्टी गेमिंग व ट्रेडिंग ऐप्स के जाल में आम लोगों को फंसाते थे। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए “घर बैठे लाखों रुपये कमाने” का झांसा देकर लोगों से भारी-भरकम निवेश कराया जाता था और बाद में झांसा देकर उनके खातों का ओटीपी हासिल कर पूरी रकम उड़ा ली जाती थी।

गिरोह के सदस्य इस ठगी की काली कमाई को सुरक्षित ठिकाने पर पहुंचाने के लिए थर्ड पार्टी बैंक खातों और फर्जी यूपीआई गेटवे का इस्तेमाल करते थे, जिसके बदले उन्हें कुल रकम का पंद्रह प्रतिशत मोटा कमीशन मिलता था। इस सनसनीखेज मामले में पढ़ुआ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। वहीं पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई के साथ ही आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी लुभावने ऑनलाइन गेम या अनजान निवेश योजनाओं के चक्कर में न पड़ें और सतर्क रहें।

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!