Breaking News

मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों से बचने के लिए दर्ज करें सक्रिय मोबाइल नंबर।

मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों से बचने के लिए दर्ज करें सक्रिय मोबाइल नंबर।

बदायूं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों की समस्या रोकने के लिए निर्वाचन विभाग ने फार्म-6 भरते समय आवेदकों का वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करने की अपील की है। साथ ही मतदाता पहचान पत्र समय से प्राप्त करने के लिए आवेदन में पूरा पता और सही पिनकोड अंकित करने पर जोर दिया गया है।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त निर्देशों के क्रम में बताया कि पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन माध्यम से भी फार्म-6 भर सकते हैं। कई बार ऑनलाइन आवेदन करने पर मोबाइल नंबर पर रेफरेंस नंबर का संदेश प्राप्त नहीं होने के कारण आवेदक दोबारा फार्म भर देते हैं। इससे मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति की एक से अधिक प्रविष्टियां होने की समस्या पैदा होती है।

उन्होंने जनसुविधा केंद्र संचालकों से अपील की कि फार्म-6 भरते समय आवेदक अथवा उसके संबंधित व्यक्ति का वास्तविक और सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज करें। यह मोबाइल नंबर मतदाता सूची में पहचान पत्र के साथ लिंक हो जाता है। ई-साइन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही फार्म अंतिम रूप से सबमिट होता है और रेफरेंस नंबर जनरेट किया जाता है।

उन्होंने बताया कि आवेदक द्वारा आधार नंबर देने के बाद आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होता है। ओटीपी दर्ज करने पर ई-साइन की प्रक्रिया पूरी हो जाती है। इसके बाद फार्म जमा होने की पुष्टि का संदेश मोबाइल पर भेजा जाता है। फार्म-6 में दर्ज मोबाइल नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर अलग-अलग भी हो सकते हैं। आवेदन का रेफरेंस नंबर उसी मोबाइल नंबर पर प्राप्त होता है, जो फार्म-6 में दर्ज किया गया है। इसी रेफरेंस नंबर की मदद से आवेदन की स्थिति का पता लगाया जा सकता है।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि डाक विभाग द्वारा मतदाता फोटो पहचान पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे जाते हैं। ऐसे में यदि आवेदन में निवास का पता अधूरा या पिनकोड गलत दर्ज किया जाता है तो डाक विभाग द्वारा पहचान पत्र वापस कर दिया जाता है। इसलिए फार्म-6 भरते समय आवेदक अपना पूरा निवास पता और सही पिनकोड अवश्य दर्ज करें, ताकि मतदाता पहचान पत्र सही पते पर पहुंच सके।

 

 

Spread the love

Check Also

सहसवान में 2027 के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज, भाजपा में स्थानीय प्रत्याशी की मांग ने पकड़ा जोर।

सपा के वोट बैंक में लगातार बढ़ोतरी, भाजपा ने भी मजबूत किया जनाधार; टिकट की …