Breaking News

नाली के पानी को लेकर खूनी संघर्ष, 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; आठ नामजद आरोपी गिरफ्तार।

नाली के पानी को लेकर खूनी संघर्ष, 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; आठ नामजद आरोपी गिरफ्तार।

संवाददाता, गुलाम नबी कुरैशी 

उतरौला (बलरामपुर)। नाली का पानी खेत में जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 86 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में उतरौला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छह लाठियां और दो लोहे के पाइप भी बरामद किए हैं।

घटना कोतवाली उतरौला क्षेत्र के रजिया हरनीडीह गांव की है। पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर की सुबह घर के पीछे बनी नाली का पानी रामदेव यादव के खेत में जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर दीपक कुमार यादव और उनके परिजनों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दीपक के 86 वर्षीय दादा रामपियारे यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल कॉलेज बहराइच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में हत्या समेत सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदेव यादव (65), रामकिशुन यादव (53), रामकरन यादव (51), हेमन्त यादव (34), सुभाष यादव (21), हिमांशु यादव (19), जितेन्द्र यादव (28) और ओम प्रकाश यादव (30) के रूप में हुई है। सभी आरोपी रजिया हरनीडीह गांव के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में पाटीदार हैं और उनके बीच पहले से भी विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन नाली के पानी को लेकर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।

Byte – विशाल पांडेय अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर

फाइल फोटो 

Spread the love

Check Also

रंगों, खेलों और रचनात्मक गतिविधियों के बीच मना बाल दिवस, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।

रंगों, खेलों और रचनात्मक गतिविधियों के बीच मना बाल दिवस, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा। संवाददाता, …