Breaking News

2027 में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी भाजपा : भूपेंद्र चौधरी।

सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, अखिलेश यादव से दस साल के कार्यकाल का मांगा हिसाब।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने विकास को अपना प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने के संकेत दिए हैं। बरेली के सर्किट हाउस पहुंचे कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही उन्हें जनता के बीच आने की याद आने लगी है। प्रदेश की जनता उनसे दस साल के कार्यकाल और विपक्ष के नेता के रूप में उनकी भूमिका का हिसाब मांग रही है।

मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी नकारात्मक राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उत्तर प्रदेश तेजी से विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

आजम खान से जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि सभी प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं और सरकार अदालत के फैसले का पालन करेगी। हालांकि, उन्होंने विश्वविद्यालय के लिए गरीबों को धमकाकर जमीनों पर कब्जा कराने का आरोप भी लगाया।

भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि यह आस्था और विरासत का विषय है, इसे राजनीतिक नजरिये से नहीं देखना चाहिए। वहीं कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण और जाति एवं भाषा के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया।

एक देश-एक चुनाव का समर्थन करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं और समय व धन की बर्बादी होती है। एसआईआर के संबंध में उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल होने चाहिए और अपात्रों के नाम हटाए जाने चाहिए।

Spread the love

Check Also

घने कोहरे में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पांच युवकों की मौत, दो गंभीर घायल।

घने कोहरे में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पांच युवकों की मौत, दो गंभीर घायल। …